नामांतरण के बदले एक लाख की रिश्वत लेते पटवारी का दलाल गिरफ्तार

जयपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए जयपुर जिले की चौमू तहसील के आलीसर पटवार हल्के के पटवारी के कथित दलाल को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जमीन के नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले रिश्वत ले रहा था। वहीं मामले में नामजद पटवारी सुरेन्द्र स्वामी की तलाश जारी है।

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि जयपुर नगर चतुर्थ चौकी को एक शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने दिसंबर 2025 में चौमू तहसील के आलीसर स्थित चारणवास क्षेत्र में जमीन खरीदी थी और उसकी रजिस्ट्री भी करा ली थी। इसके बाद नामांतरण खोलने के लिए संबंधित पटवारी सुरेन्द्र स्वामी अपने कथित दलाल भैरूराम यादव (निजी व्यक्ति) के माध्यम से एक लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा था।

शिकायत का 1 जुलाई 2026 को सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 2 जुलाई को रिश्वत राशि देने का समय तय होने पर एसीबी ने जाल बिछाया।

एसीबी की टीम ने चौमू कस्बे में एचपी पेट्रोल पंप के पास स्थित एक चाय की थड़ी पर कार्रवाई करते हुए आरोपी भैरूराम यादव को परिवादी से एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान संबंधित पटवारी सुरेन्द्र स्वामी मौके पर नहीं मिला और उसकी तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक (द्वितीय) ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में जयपुर नगर चतुर्थ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। ट्रैप कार्रवाई का संचालन पुलिस निरीक्षक रामजीलाल एवं उनकी टीम ने किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर