बुद्ध ने अहिंसा, करुणा और समानता के सिद्धांतों पर जोर दिया: अजीत सिंह बब्बन

बुद्ध ने अहिंसा, करुणा और समानता के सिद्धांतों पर जोर दिया:अजीत सिंह बब्बन

हरदोई, 12 मई(हि.स.)। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भगवान बुद्ध के चित्र पर पुष्प अर्पित किये।

इस अवसर उन्होंने कहा महात्मा बुद्ध जो गौतम बुद्ध के नाम से भी प्रसिद्ध है, वह विश्व के महान दार्शनिकों में से एक हैं। उनका जन्म 563 ईसा पूर्व में नेपाल के लुम्बिनी में हुआ था। युवावस्था में ही उन्होंने सांसारिक दुखों को देखकर सत्य की खोज में अपना राजसी जीवन और राजसी ठाँठ-बांठ को त्याग दिया और योग माया की ओर चल पड़े। बुद्ध ने कुरीतियों का विरोध किया, लेकिन वेदों और उपनिषदों के दार्शनिक विचारों को भी अपने दर्शन में शामिल किया।

उनकी शिक्षाओं का गहरा प्रभाव मध्यकालीन विचारक कबीरदास और आधुनिक विचारक डॉ. अंबेडकर और राहुल सांकृत्यायन पर भी पड़ा। बुद्ध की मृत्यु के बाद, उनके शिष्यों ने उनकी शिक्षाओं को संहिताबद्ध किया, जिन्हें त्रिपिटक के रूप में जाना जाता है। इनमें विनय पिटक, सुत पिटक और अभिधम्म पिटक शामिल हैं, जो पाली भाषा में लिखे गए हैं।

उन्होंने चार आर्य सत्यों और अष्टांगिक मार्ग का उपदेश दिया, जो नैतिक आचरण, मानसिक अनुशासन और ज्ञान पर आधारित हैं। बुद्ध ने अहिंसा, करुणा और समानता के सिद्धांतों पर जोर दिया, जो आज भी प्रासंगिक हैं। उनकी शिक्षाएं न केवल बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ हैं, जो शांति, सद्भाव और आत्म-ज्ञान की ओर ले जाती हैं।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा ओम वर्मा जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक मंडल प्रभारी सुभाष पांडे सह मीडिया प्रभारी सत्यम शुक्ल नगर अध्यक्ष मुदित बाजपेई हरदोई ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह पूर्व नगर अध्यक्ष अजीत उपाध्याय ऋषभ त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अंबरीश कुमार सक्सेना

   

सम्बंधित खबर