हरिश्चंद्रपुर में ‘बुलडोजर एक्शन’, अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का हथौड़ा

मालदा, 22 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में जिले के हरिश्चंद्रपुर में सोमवार को प्रशासन ने कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया।

सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने मौके पर बुलडोजर की पूजा की, नारियल फोड़ा और ‘जय श्रीराम’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए, जिससे माहौल और गरमा गया। इस दौरान इलाके में भारी तनाव का माहौल देखने को मिला।

बताया जा रहा है कि हरिश्चंद्रपुर बस स्टैंड के पास सरकारी जमीन पर बनाए गए एक मार्केट कॉम्प्लेक्स को अवैध घोषित किया गया था। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में गेस्ट हाउस और शौचालय निर्माण के नाम पर टेंडर जारी हुआ, लेकिन बाद में वहां बाजार और दुकानों का निर्माण कर लिया गया। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जिसके बाद निर्माण हटाने का आदेश दिया गया।

सोमवार को प्रशासन ने दो बुलडोजर लगाकर अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बल तैनात रहे।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि इस अवैध निर्माण के पीछे पूर्व मंत्री तजमुल हुसैन और उनके सहयोगियों का हाथ था और इस पूरे मामले में भ्रष्टाचार हुआ। वहीं, तृणमूल नेताओं ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की।

इस मामले के मुख्य शिकायतकर्ता भाजपा नेता चंद्रनाथ राय ने कहा कि उन्होंने लंबे समय से इस अवैध निर्माण के खिलाफ आंदोलन किया। इसके चलते उन्हें कथित तौर पर हमले और धमकियों का सामना भी करना पड़ा।

प्रशासन की ओर से भूमि सुधार अधिकारी हिमांशु कुमार मंडल ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था, इसलिए उसे हटाने की कार्रवाई की गई।

   

सम्बंधित खबर