धमतरी : पंद्रह से अधिक अवैध रूप से बने मकानों पर चला बुलडोजर
- Admin Admin
- Apr 10, 2025

धमतरी, 10 अप्रैल (हि.स.)। अभनपुर से रायपुर लाईन चालू होने के बाद धमतरी में बड़ी रेल लाईन का काम अब बढ़ने लगा है। गुरूवार 10 अप्रैल को 15 से अधिक घरों के अतिक्रमण पर बुलडोजर चला। दो-तीन दिनों बाद फिर से कार्यवाही शुरू की जाएगी। कई घरों को अभी भी छत नसीब नहीं हो पाया है।
धमतरी में बड़ी रेल लाईन का निर्माण धीमी गति से चल रहा था। जिसमें अब तेजी आने लगी है। रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण हटाने में ही काफी समय लग गया। पूर्व में स्टेशन के आसपास के लोगों को हटाने के बाद लंबे समय तक कार्यवाही थम गई थी। अब यह फिर से शुरू हो गई है। कुछ दिनों पहले लोगों को 10 अप्रैल तक मकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया था। जिन लोगों ने खाली कर दिया था उनको बुलडोजर से बराबर किया गया। अभी भी कुछ मकान खाली होना बाकी है। जिनके मकान का अतिक्रमण हटाया गया। उनमें मुश्कान बेगानी, चिंताराम, कोमल निर्मलकर, मदरसा, देवीसिंग, ओमप्रभा मानिकपुरी, भोजू ठाकुर, रूखमणी यादव, प्रमिला, जावेद खत्री, संतराम साहू, किशन चौरसिया, शत्रु यादव, दीपक चौरसिया, राजकुमार राजपूत, विष्णु ध्रुव, जीवराखन, राजकुमार, हिरौंदी बाई आदि शामिल हैं। 287 मकान थे जिसमें लगभग 100 लोग महिमा सागर वार्ड में बनाये मकान में शिफ्ट हो चुके हैं। कई लोगों को अभी भी छत का इंतजार है। ज्ञात हो कि धमतरी में लगभग 550 करोड़ की लागत से रेलवे का काम होना है। इसके अलावा लगभग 70 करोड़ का गोदाम भी बनना है। वर्तमान में स्टेशन का काम 75 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। 400 मीटर का प्लेटफॉर्म वाल तैयार हो चुका है। 50 मीटर वन विभाग से छुड़ा लिया गया है। अब आगे इसमें और अधिक तेजी आने की संभावना है। रायपुर से अभनपुर तक ट्रेन शुरू हो चुकी है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने 26 जनवरी 2026 तक धमतरी तक ट्रेन शुरू होने की बात कह चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा