मुरादाबाद में अलीगढ़ एक्सिस बैंक के प्रबंधक समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी मामले में केस दर्ज
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
मुरादाबाद, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना सिविल लाइन में अलीगढ़ स्थित एक्सिस बैंक के प्रबंधक समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में न्यायालय के आदेश पर शनिवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी सोरन ने न्यायालय में वाद दाखिल बताया था कि इंस्टा वन्स सोल्यूशन कंपनी के एमडी अनुराग सिसौदिया और उसके साथियों ने पहले अपनी कंपनी इंस्टा वन्स सोल्यूशन का सेंटर खुलवाया। इसके बाद अनुराग सिसौदिया और उसके साथी मुरादाबाद आए और उन्होंने डरा धमकाकर आधार कार्ड, पैन कार्ड की फोटो कॉपी लेकर अलीगढ़ के अतरौली स्थित एक्सिस बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक विवेक कश्यप, फील्ड ऑफिसर शिवम शर्मा, अनुराग सिसौदिया, मदन लाल और दिगंबर के सहयोग से 5 लाख 60 हजार रुपये लोन दिलाया और लोन की सारी रकम अपनी इंस्टा वन्स सोल्यूशन कंपनी में इन्वेस्ट कराकर पूरी राशि हेरा फेरी कर हड़प ली। मामले में न्यायालय ने मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र को तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने के आदेश दिए थे।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश से शनिवार थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
----------

