सीबीआई ने त्रिपुरा चिटफंड घोटाले में फरार आरोपित संजीत चक्रवर्ती को कोलकाता से दबोचा
- DSS Admin
- May 13, 2026
नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने त्रिपुरा के बहुचर्चित चिटफंड घोटाले में वांछित आरोपित संजीत चक्रवर्ती को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर लगभग 7.75 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है।
सीबीआई ने बताया कि संजीत चक्रवर्ती कोलकाता स्थित कॉस्मिक नेगोशिएटर्स प्राइवेट लिमिटेड का चेयरमैन‑कम‑मैनेजिंग डायरेक्टर था। वर्ष 2013 में त्रिपुरा पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के बाद से फरार था। त्रिपुरा सरकार और केंद्र सरकार की अधिसूचनाओं के बाद सीबीआई ने इन मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी।
जांच के बाद वर्ष 2015 में पहले मामले में संजीत चक्रवर्ती और अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया था। इसमें लगभग 7.48 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। दूसरे मामले में वर्ष 2024 में आरोपपत्र दाखिल किया गया। इसमें लगभग 27.13 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। दोनों मामलों में संजीत चक्रवर्ती को आरोपपत्र में फरार आरोपी के रूप में दर्शाया गया था।
सीबीआई के अनुसार आरोपी 2013 से लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा। एजेंसी ने फील्ड वेरिफिकेशन, तकनीकी और निगरानी, कॉल डिटेल रिकॉर्ड विश्लेषण और ओएसआईएनटी के आधार पर जानकारी जुटाई। इसके बाद उसे कोलकाता में चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपित को कोलकाता की अदालत से ट्रांजिट वारंट हासिल करने के बाद त्रिपुरा लाया जाएगा और सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------

