फर्रुखाबाद,12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सेंट्रल जेल फतेहगढ़ में निरुद्ध एक अधेड़ कैदी की सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी के चलते मंगलवार को मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक कैदी गणेशी पुत्र नन्ही कई वर्षों से सेंट्रल जेल फतेहगढ़ में सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। उसे सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत थी, जिसके चलते जेल प्रशासन की ओर से उसका उपचार भी कराया जा रहा था। मंगलवार को अचानक उसकी हालत अधिक बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
फतेहगढ़ थाना पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों देते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
जेलर राजेश ने बताया कि मृतक कैदी के शव का पोस्टमार्टम कराते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रहा है।
---------------

