डबल इंजन सरकार में बदल रहा छत्तीसगढ़ के बस्तर का भविष्य : केदार कश्यप
- DSS Admin
- May 17, 2026
-बस्तर अब भय नहीं, विकास और संभावनाओं की पहचान
रायपुर 17 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के आज रविवार से तीन दिवसीय बस्तर दौरे को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि यह दौरा छत्तीसगढ़ के बस्तर में विकास, सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी, अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव के नेतृत्व में बस्तर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
मंत्री केदार कश्यप ने आज रविवार काे एक बयान जारी कर कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और संचार सुविधाओं का विस्तार हुआ है। दूरस्थ गांवों तक सड़क और मोबाइल नेटवर्क पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्र मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पहले भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और बाजार विकसित हो रहे हैं तथा युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर मिल रहे हैं।
वन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और तेंदूपत्ता संग्राहकों, वनवासियों, किसानों तथा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
---------------

