छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से, हाेंगी पांच बैठकें
- DSS Admin
- Jun 15, 2026

रायपुर, 15 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर साेमवार काे अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा का दशम सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र में सदन की कुल पांच बैठकें होंगी।
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सत्र की शुरुआत सोमवार, 13 जुलाई को होगी और समापन शुक्रवार, 17 जुलाई को किया जाएगा। पांच दिन के मानसून सत्र में कुछ संशोधन विधेयक विधेयक पेश किए जा सकते हैं।यह 6वीं विधानसभा का 10वां सत्र होगा। सरकार इस दौरान विभिन्न वित्तीय और महत्वपूर्ण शासकीय कार्य सदन के पटल पर रखेगी। पहले 4 दिन प्रश्नोत्तर काल और सरकारी कामकाज के लिए तय हैं, जबकि आखिरी दिन (17 जुलाई) गैर-शासकीय कार्य भी किए जाएंगे।
इस सत्र में स्कूलों में मंत्र-पाठ के निर्देश, कानून-व्यवस्था, हसदेव में जंगलों की कटाई और किसानों की समस्याओं पर बहस होने के आसार हैं।इस दौरान सरकार विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों और विधायी विषयों को सदन में प्रस्तुत करेगी, वहीं विपक्ष भी जनहित और राज्य से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

