दुर्गापुर में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

कोलकाता, 21 मई (हि. स.)। पूर्व केन्द्रीय आर्म पुलिस फोर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने दुर्गापुर में सीजीएचएस (सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) वेलनेस सेंटर खोलने की मांग उठाई है। संगठन के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को ज्ञापन सौपा।

ज्ञापन में बताया गया है कि दुर्गापुर और आसपास के इलाकों में रहने वाले सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी, सीआइएसएफ, आइटीबीपी और असम राइफल्स के सेवानिवृत्त जवानों को इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में उन्हें सीजीएचएस के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में इलाज कराने के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।

संगठन का कहना है कि इस क्षेत्र में करीब 200-300 पूर्व अर्धसैनिक बलों के जवान और उनके परिवार रहते हैं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दुर्गापुर में जल्द से जल्द सीजीएचएस वेलनेस सेंटर की स्थापना की जाए, ताकि पूर्व जवानों और उनके परिवारों को राहत मिल सके।

संगठन के सदस्यों ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार इस मांग पर सकारात्मक कदम उठाएगी। ---------------

   

सम्बंधित खबर