किम जोंग-उन का चीन के साथ मजबूत रिश्ते बनाने का वादा

सियोल, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग-उन ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) की स्थापना की 105वीं सालगिरह पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को बधाई संदेश भेजा और बीजिंग के साथ संबंध मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कोरियाई सेंट्रल न्यूज़ एजेंसी (केसीएनए) के हवाले से दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप न्यूज ने बताया कि किम ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी के बिना नया चीन नहीं बन सकता। यह वह सच है जिसे चीनी लोगों ने कई सालों तक पार्टी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ते हुए महसूस किया है।

केसीएनए के अनुसार, किम ने पिछले महीने प्योंगयांग में जिनपिंग के साथ हुई अपनी शिखर बैठक को याद किया। जिनपिंग ने 8-9 जून को प्योंगयांग का दो दिवसीय राजकीय दौरा किया था, जो लगभग सात वर्षों में उत्तर कोरिया की उनकी पहली यात्रा थी। यात्रा के दौरान, दोनों नेताओं ने राजनीति, अर्थव्यवस्था और संस्कृति के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की और उच्च-स्तरीय बातचीत को मजबूत करने तथा द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय शुरू करने का वादा किया।

केसीएनए की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी नेता को भेजे संदेश में किम ने कहा, दोनों देशों के बीच संबंधों की मजबूती की पक्की गारंटी पार्टियों के नेतृत्व से मिलती है।

उत्तर कोरियाई राष्ट्रपति ने कहा कि वह दोनों पार्टियों के साझा लक्ष्य समाजवाद को और मजबूत बनाने के लिए जिनपिंग के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं।

------------

   

सम्बंधित खबर