आसनसोल में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर लेडीज पर्स चोरी

पश्चिम बर्दवान, 28 जून (हि. स.)। झारखंड के चिरकुंडा से आसनसोल घूमने और मंदिर दर्शन करने आए एक परिवार के साथ चोरी की घटना सामने आई है। परिवार ने आरोप लगाया कि भोजन करने के दौरान जीटी रोड किनारे खड़ी उनकी कार का पिछला शीशा तोड़कर उसमें रखा लेडीज पर्स चोरी कर लिया गया।

घटना के संबंध में जसमीत सिंह नामक व्यक्ति ने बताया कि उनके साले विकी साव और नेहा साव चिरकुंडा से आसनसोल आए थे। यहां उन्होंने पहले एक मंदिर में दर्शन किया। इसके बाद वे ओल्ड स्टेशन इलाके में जीटी रोड के किनारे तनिष्क शोरूम के सामने अपनी गाड़ी पार्क कर स्थानीय होटल में भोजन करने चले गए।

उन्होंने बताया कि जब परिवार भोजन कर वापस लौटा तो देखा कि कार के पीछे के दरवाजे का कांच टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि गाड़ी के अंदर रखा लेडीज पर्स गायब है। परिवार के अनुसार पर्स में लगभग पांच हजार रुपये नकद थे और इसके अलावा कुछ अन्य सामान भी रखा हुआ था।

घटना के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर मामले की जांच शुरू कर दी। परिवार ने जल्द कार्रवाई कर चोरी का खुलासा करने की मांग की है।

इस घटना के बाद इलाके में वाहन पार्किंग की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर वाहनों में सामान छोड़ने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर