रायपुर : फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर से दस्तावेज बनाने वाला च्वॉइस सेंटर संचालक गिरफ्तार

रायपुर, 5 जुलाई (हि. स.)। रायपुर के आजाद चौक थाना पुलिस ने फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर संचालक को आज गिरफ्तार किया है।

आरोपित की पहचान मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर के संचालक विपीन केशरी (38) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 37 के पार्षद दीपक जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि, उनके नाम के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड सहित नगर निगम से जुड़े अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद आजाद चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आर्यन च्वॉइस सेंटर में छापा मारा। पूछताछ में संचालक विपीन केशरी ने पार्षद के फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का उपयोग कर दस्तावेज तैयार करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन जब्त की है।

आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मामले की जांच कर यह भी पता लगा रही है कि, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किन-किन मामलों में किया गया और इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

---------------

   

सम्बंधित खबर