दुर्गापुर में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पहली प्रशासनिक बैठक
- DSS Admin
- May 21, 2026
कोलकाता, 21 मई (हि. स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गुरुवार को दुर्गापुर के सृजनी हॉल में अपनी पहली प्रशासनिक बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में पांच जिलों — पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, बांकुड़ा और पुरुलिया के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह कोलकाता के चिनार पार्क स्थित अपने आवास से निकलकर सबसे पहले बेलूर मठ जाएंगे। वहां पूजा-अर्चना के बाद वे हावड़ा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और अधिकारियों के साथ औपचारिक मुलाकात करेंगे। इसके बाद दमदम एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा अंडाल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
अंडाल एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सड़क मार्ग से वे दुर्गापुर स्थित सृजनी हॉल पहुंचेंगे, जहां दोपहर दो बजे से प्रशासनिक बैठक शुरू होगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में संबंधित पांच जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है और इसमें बाहरी लोगों व मीडिया के प्रवेश पर रोक रहेगी।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से बातचीत करेंगे और फिर अंडाल एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा कोलकाता लौट जाएंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक महकमे में खासा उत्साह देखा जा रहा है। हाल के दिनों में पुलिस के समर्थन में उनके बयानों के बाद अधिकारियों में सकारात्मक उम्मीद जगी है।
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई दिशा मिल सकती है।
---------------

