विकसित राजधानी बनने की ओर अग्रसर दिल्ली : रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को हरि नगर, जनकपुरी एवं राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' में भाग लेकर जनसभा को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में हुए परिवर्तनकारी विकास कार्यों, सुशासन, गरीब कल्याण एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का संकल्प अब विकसित दिल्ली के निर्माण के माध्यम से नई गति प्राप्त कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विश्व मंच पर अपनी नई पहचान स्थापित की है। आज देश मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और गरीब कल्याण जैसे प्रत्येक क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने विकास को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी डबल इंजन सरकार इसी सोच के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि प्रत्येक योजना का समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। बीते महीनों में दिल्ली सरकार ने स्वच्छ यमुना अभियान, वायु प्रदूषण नियंत्रण, जल एवं सीवर व्यवस्था में सुधार, सड़कों और ड्रेनेज नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा अवसंरचना के विकास, इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति, हरित ऊर्जा, बड़े स्तर पर वृक्षारोपण तथा डिजिटल गवर्नेंस जैसे अनेक क्षेत्रों में निर्णायक कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित दिल्ली का सपना तभी साकार होगा जब विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से सरकार जनभागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक नीति और योजना को नागरिक-केंद्रित बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को आधार बनाकर राजधानी के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ एवं हरित राजधानी के निर्माण के लिए व्यापक अभियान चला रही है। स्वच्छ यमुना अभियान, दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति-2026, विंटर एक्शन प्लान, 'स्वच्छ हवा-स्वस्थ दिल्ली' परियोजना, ग्रीन ड्राइव के माध्यम से 70 लाख पौधारोपण अभियान तथा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने जैसी अनेक पहल इसी व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि विकसित दिल्ली का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि जन सहभागिता से ही संभव होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास एवं नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं के सशक्तिकरण, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, गरीब एवं वंचित वर्गों के कल्याण तथा बेहतर नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। दिल्ली को सुरक्षित, स्वच्छ, आधुनिक और निवेश के लिए आकर्षक राजधानी बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं।

-------------------

   

सम्बंधित खबर