मुख्यमंत्री खांडू ने की राज्यपाल से मुलाकात

इटानगर, 30 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने आज इटानगर स्थित लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केटी परनाइक से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को राज्य के विभिन्न हिस्सों में आई बाढ़ की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी और प्रभावित समुदायों को राहत पहुंचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराया। उन्होंने राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों पर भी चर्चा की।

बाढ़ से लोगों के जीवन, आजीविका और बुनियादी ढांचे पर पड़ने वाले असर पर चिंता व्यक्त करते हुए, राज्यपाल ने प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए 'पूरे राज्य' के दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आपदा से निपटने की क्षमता और तैयारी को मजबूत करने के लिए सरकारी विभागों, जिला प्रशासन, सामुदायिक संगठनों और नागरिकों के बीच समन्वित प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया।

राज्यपाल ने राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में अथक प्रयासों के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल' जिला प्रशासन, लोक निर्माण, नागरिक उड्डयन और आपदा प्रबंधन विभागों, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, स्वयंसेवकों और स्थानीय निवासियों की समर्पित सेवाओं की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को राज्य के विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही गतिविधियों के बारे में जानकारी दी और अरुणाचल प्रदेश में शासन को बेहतर बनाने, विकास को गति देने और जन कल्याण को बढ़ाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

   

सम्बंधित खबर