मुख्यमंत्री ने दूसरी बार बराक घाटी का किया निरीक्षण, हैलाकांदी और श्रीभूमि जिलों का देखा हाल
- Admin Admin
- Jun 06, 2025

हैलाकांदी (असम), 06 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने महज 72 घंटे के भीतर दूसरी बार बाढ़ प्रभावित बराक घाटी का दौरा किया। इस बार उनका मुख्य उद्देश्य था हैलाकांदी और श्रीभूमि जिलों में बाढ़ की स्थिति का जमीनी स्तर पर निरीक्षण करना।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार सुबह हैलाकांदी जिले के कालीनगर स्थित एक बाढ़ राहत शिविर का दौरा किया। यह शिविर निर्माणाधीन कालीनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में चल रहा है, जहां बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को आश्रय दिया गया है। उन्होंने प्रत्येक कक्ष का निरीक्षण किया और 450 से अधिक पीड़ित लोगों की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं।
इस दौरान बराक घाटी के दो मंत्री कौशिक राय और कृष्णेंदु पाल भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे। इसके बाद मुख्यमंत्री पंचग्राम टाउन हाईस्कूल में स्थापित राहत शिविर पहुंचे, जहां वर्तमान में 919 बाढ़ पीड़ित रह रहे हैं। शिविरवासियों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ है और उनसे अपने बैंक खाता का नंबर तैयार रखने को कहा, ताकि जल्द आवश्यक आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में भेजी जा सके। उन्हाेंने यह भी कहा कि सरकार बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक उपाय कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश