सूरजपुर : रामेश्वर नगर पहुंचीं कलेक्टर, समूह जल प्रदाय योजना के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

सूरजपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। आज मंगलवार को कलेक्टर रेना जमील ने जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत रामानुजनगर-प्रेमनगर-नवगई समूह जल प्रदाय योजना के प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विकासखंड प्रेमनगर के ग्राम रामेश्वर नगर स्थित बांगो बांध के टेल एंड में निर्माणाधीन फ्लोटिंग पोन्टून का जायजा लिया। इसके बाद ग्राम महेशपुर पहुंचकर 20 एमएलडी क्षमता वाले निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) के कार्यों का भी निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने संबंधित अभियंताओं से अब तक हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और योजना को समय पर पूरा करने में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के कार्यपालन अभियंता और संबंधित ठेकेदार को योजना के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ जल्द से जल्द क्षेत्र के लोगों को मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजनगर, पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर