हिमाचल में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 'कांग्रेस कनेक्ट सेंटर' शुरू, राम मंदिर चंदा मामले पर आंदोलन का ऐलान

शिमला, 05 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए संगठन को मजबूत करने और भाजपा के खिलाफ जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई है। राजधानी शिमला के राजीव भवन में रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दो दिवसीय संगठनात्मक मंथन का दूसरा दिन भी जारी रहा। बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठन की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान कांग्रेस संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने 'कांग्रेस कनेक्ट सेंटर' की शुरुआत की जानकारी दी और राम मंदिर चंदा मामले को लेकर ब्लॉक स्तर पर आंदोलन चलाने का भी ऐलान किया।

विनोद जिंटा ने बताया कि 'कांग्रेस कनेक्ट सेंटर' का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने किया है। इस सेंटर के जरिए प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। कांग्रेस का कोई भी कार्यक्रम होने पर उसकी जानकारी इसी सेंटर में दर्ज होगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने पहले तय की गई ग्रीन, येलो और रेड लेबल व्यवस्था को अब पूरी तरह लागू कर दिया है। इसी व्यवस्था के आधार पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के काम का आकलन किया जाएगा। उनका कहना था कि इस व्यवस्था से संगठन अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनेगा।

जिंटा ने बताया कि रविवार को महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल और एससी सेल समेत सभी फ्रंटल संगठनों की अलग-अलग समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं हैं। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों और आगे की रणनीति पर चर्चा हो रही है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और पार्टी मिशन रिपीट के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। जिंटा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में पार्टी दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि अगले एक महीने की कार्ययोजना कार्यकर्ताओं को बता दी गई है। अब वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों से संपर्क करेंगे, संगठन को मजबूत करेंगे और जनहित के मुद्दों को उठाएंगे।

भाजपा पर निशाना साधते हुए विनोद जिंटा ने कहा कि भाजपा अब कार्यकर्ताओं की नहीं, नेताओं की पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं बचा है। जिंटा ने दावा किया कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव की तैयारी कर रही है, जबकि भाजपा के भीतर नेतृत्व को लेकर अलग-अलग राय है। उन्होंने कहा कि कोई जयराम ठाकुर को नेता मानता है, कोई राजीव बिंदल को, कोई जे.पी. नड्डा को और कोई अनुराग ठाकुर को। उनके अनुसार भाजपा नेतृत्व के सवाल पर स्पष्ट स्थिति में नहीं है।

राम मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस की रणनीति बताते हुए जिंटा ने कहा कि पार्टी ने ब्लॉक स्तर पर आंदोलन चलाने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए नारा दिया गया है, देखो भाजपा का यह धंधा, राम नाम का खा गए चंदा।

जिंटा ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के लोगों ने आस्था के साथ चंदा दिया था, लेकिन चंदे की राशि में गड़बड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले पर जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में गठित एसआईटी की जांच केवल लीपापोती है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच होने से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर