घरेलू हिंसा मामले में वांछित आरोपी गैर-जमानती वारंट पर गिरफ्तार

शिमला, 15 जून (हि.स.)। जिला शिमला के कोटखाई क्षेत्र में घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार रोहड़ू न्यायालय द्वारा 14 जून को जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में पुलिस थाना कोटखाई की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहितर (44) को गिरफ्तार किया। आरोपी को प्रोटेक्शन ऑफ वूमेन अगेंस्ट डोमेस्टिक वॉइलेन्स एक्ट की धारा 31 के तहत दर्ज मामले में तलाशा जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहितर निवासी गांव रुखला, डाकघर रावलीक्यार, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को रोहड़ू की अदालत में पेश किया।

जिला शिमला पुलिस का कहना है कि न्यायालयों के आदेशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने और फरार व वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और न्यायिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास कायम रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे।

---------------

   

सम्बंधित खबर