नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम जिले के महिपालपुर इलाके में मोबाइल शोरूम का शटर काटकर 35 लाख रुपये के मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी करने के मामले में फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को क्राइम ब्रांच ने मेवात से गिरफ्तार किया है। आरोपित लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान निजाम उर्फ निज्जाम उर्फ टोटा उर्फ केकड़ा (44) के रूप में हुई है। वह हरियाणा के नूंह जिले का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपित मेवात के कुख्यात गिरोह के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल दुकानों में सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार 23 और 24 सितंबर 2024 की दरम्यानी रात महिपालपुर स्थित खुशी कम्युनिकेशन नामक मोबाइल शोरूम में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। बदमाशों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां से लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। मामले में वसंत कुंज नॉर्थ थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही इस गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से चोरी के 102 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए थे। हालांकि मुख्य आरोपित निजाम लगातार फरार चल रहा था। अदालत में पेश नहीं होने पर पटियाला हाउस कोर्ट ने 20 अप्रैल 2026 को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर राकेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने करीब 10 दिनों तक मेवात क्षेत्र में डेरा डालकर आरोपित की तलाश की। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आखिरकार उसे गुरुवार रात को दबोचा।
पुलिस के मुताबिक आरोपित पहले भी हत्या, चोरी और सेंधमारी समेत छह संगीन मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य मामलों में शामिल होने की जांच जारी है।
---------------

