शिमला : युवती से बीच सड़क में छेड़छाड़, मोबाइल कैमरा ऑन होते ही घबराया मनचला, एफआईआर

शिमला, 21 मई (हि.स.)। एक युवती ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए दिनदहाड़े उसका पीछा व छेडख़ानी कर रहे एक युवक की हरकतों को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग युवती की बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने आरोपी युवक के ख़िलाफ़ केस दर्ज कर लिया है। मामला शिमला जिला के चौपाल उपमंडल का है।

मामले के अनुसार युवती सड़क से पैदल अपने घर जा रही थी। घर से कुछ ही दूरी पर एक युवक बाइक लेकर उसके पीछे लग गया। आरोप है कि युवक बार-बार बाइक घुमाकर युवती के पास आ रहा था और उसे बाइक पर बैठाने की कोशिश कर रहा था। बीच सड़क पर लगातार पीछा किए जाने से युवती घबरा जरूर गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।

युवती ने तुरंत अपना मोबाइल फोन निकाला और कैमरा ऑन कर युवक की वीडियो बनानी शुरू कर दी। वीडियो बनते ही आरोपी युवक के हावभाव बदल गए। वह कैमरे से बचने की कोशिश करने लगा और युवती को दीदी बोलकर वहां से निकलने की जल्दबाजी करने लगा। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ अन्य वाहन चालकों ने भी गाड़ियां रोक दीं। लोगों की नजरें अपने ऊपर पड़ती देख युवक घबरा गया।

पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। इलाके में इस बात की चर्चा है कि अगर युवती ने समय रहते मोबाइल कैमरा ऑन नहीं किया होता तो आरोपी अपने मनसूबों में कामयाब भी हो सकता था। यही वजह है कि लोग युवती की समझदारी और हिम्मत को बड़ी मिसाल बता रहे हैं।

घटना सामने आने के बाद जिला पुलिस शिमला ने मामले में तुरंत कार्रवाई की है। पुलिस थाना चौपाल में आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी एक प्रवासी युवक है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने गुरुवार को बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि युवती के साथ अशोभनीय हरकत का मामला सामने आते ही पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बता दें कि कुछ दिन पहले मंडी जिला के सरकाघाट में कॉलेज जा रही एक छात्रा के साथ दिल दहला देने वाली वारदात हुई थी। आरोप है कि बीच रास्ते में एक स्थानीय युवक ने छात्रा की गला रेतकर हत्या कर दी थी। उस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इस वारदात को अंजाम देने वाला अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में है।

---------------

   

सम्बंधित खबर