हिमाचल: बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, सचिवालय कर्मी थीं मृतका, आरोपी गिरफ्तार

शिमला, 22 जून (हि.स.)। एक बेटे पर अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने पहले अपने पिता के साथ मारपीट की और जब मां बीच-बचाव के लिए पहुंची तो वह भी उसके गुस्से का शिकार बन गईं। सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल पिता का अस्पताल में उपचार चल रहा है। यह घटना मंडी ज़िले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में बीती देर रात हुई।

मृतका की पहचान 51 वर्षीय पार्वती देवी के रूप में हुई है, जो शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश सचिवालय में कार्यरत थीं। वह इन दिनों अपने पैतृक घर आई हुई थीं। आरोपी बेटा खेमा राम भी शिमला में नौकरी करता है और शादीशुदा है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना से पहले आरोपी और उसके पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और पिता-पुत्र के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने अपने पिता पर हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं।

परिवार में बढ़ते तनाव को देखकर पार्वती देवी बीच-बचाव के लिए आगे आईं। लेकिन हालात संभालने की बजाय विवाद और भड़क गया। आरोप है कि आरोपी बेटे ने पास में रखा डंडा उठाकर अपनी मां पर हमला कर दिया। सिर पर किए गए प्रहार से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी गांव के ही एक व्यक्ति ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बीएसएल कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए सोमवार की सुबह बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या व अन्य आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम मौके पर साक्ष्य एकत्रित कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गांव उवाह निवासी खूब राम के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ और आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं कि मामला हत्या तक पहुंच गया।

इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक सरकारी कर्मचारी महिला की अपने ही बेटे के हाथों मौत की खबर से लोग स्तब्ध हैं।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और फोरेंसिक रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। डीएसपी भरत भूषण का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

वहीं, प्रदेश में हाल के दिनों में सामने आई हत्या की घटनाओं के बीच इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर बहस भी तेज कर दी है। दरअसल, राज्य में दो हफ्ते के भीतर हत्या की यह चौथी बड़ी वारदात है। इससे पहले राजधानी शिमला के संजौली में एक निजी स्कूल संचालिका की गोली मारकर हत्या, चंबा में एक युवक की हत्या तथा शिमला जिला के ही रोहड़ू में लूटपाट के बाद एक बुजुर्ग महिला की हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर