अम्बिकापुर: चरित्र शंका से नाराज पत्नी ने ईंट-पत्थर से कुचलकर की पति की हत्या, आरोपित महिला गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
अम्बिकापुर, 28 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कदनई लोटाभावना गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चरित्र पर शक करने से नाराज एक पत्नी ने अपने ही पति की ईंट-पत्थर और लकड़ी के पाटे (फाड़ी) से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बतौली थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
मृतक के बेटे सरोता मझवार ने बतौली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 26 जून की रात उसके पिता नेतराम मझवार और मां मानकुंवर घर पर ही थे। दोनों रात में शराब पीकर लौटे थे। अगले दिन 27 जून को बेटे को फोन पर सूचना मिली कि उसके पिता आंगन में बेसुध पड़े हैं। जब उसने घर आकर देखा तो नेतराम मझवार आंगन में गंभीर हालत में पड़े हुए थे और उनके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। आनन-फानन में उन्हें एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बतौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जब मामले की बारीकी से जांच की और गवाहों के बयान लिए, तो परतें खुलती चली गईं। जांच में सामने आया कि 26 जून की रात करीब 10 बजे मृतक नेतराम और उसकी पत्नी मानकुंवर के बीच चरित्र पर संदेह करने को लेकर तीखी बहस हुई थी। रोज-रोज के तानों से तंग आकर मानकुंवर गुस्से से आपा खो बैठी और पति की हत्या की नीयत से उस पर ईंट, पत्थर और लकड़ी के टुकड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में नेतराम के सिर, चेहरे, माथे, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जो अंततः उनकी मौत का कारण बनीं।
बतौली पुलिस ने इस अंधे कत्ल के मामले में अपराध क्रमांक 75/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने जब संदेही पत्नी मानकुंवर (40 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपित महिला की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट-पत्थर, लकड़ी और उसके कपड़े जब्त कर आज रविवार काे उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
---------------

