श्रीनगर के लिए बिजली अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने 93 करोड़ रुपये की राशि को दी मंजूरी
- DSS Admin
- May 15, 2026
श्रीनगर, 15 मई (हि.स.)। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद ने श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार लाने और विद्युत पारेषण को मजबूत करने के उद्देश्य से 93 करोड़ रुपये से अधिक की प्रमुख विद्युत अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद ने ज़ैनाकोट ग्रिड सब स्टेशन की क्षमता को 450 मेगावाट से बढ़ाकर 780 मेगावाट करने की 67.66 करोड़ रुपये की लागत को मंजूरी दी है, साथ ही 132 किलोवाट पंपोर-रावलपोरा और रावलपोरा-बेमिना पारेषण लाइनों के उन्नयन को 25.47 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मंजूरी दी है।
पोस्ट में आगे लिखा गया है कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य पारेषण क्षमता बढ़ाकर, बिजली कटौती को कम करके और उपभोक्ताओं के लिए अधिक विश्वसनीय और कुशल बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करके श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत अवसंरचना को महत्वपूर्ण रूप से मजबूत करना है।
---------------

