बावा कैलख देव मंदिर पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा, सोलर सुविधाओं और खेल सामग्री देने की घोषणा
- Neha Gupta
- Jul 06, 2026

जम्मू, 06 जुलाई । कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने बावा कैलख देव मंदिर पहुंचकर माथा टेकते हुए पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का दौरा कर वहां संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की। मंदिर प्रबंधक कमेटी के प्रधान शक्ति दत्त शर्मा ने मंत्री को मंदिर परिसर में संचालित सामाजिक सेवाओं और जनहित कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कमेटी धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाजसेवा के विभिन्न कार्यक्रम भी नियमित रूप से संचालित कर रही है।
कमेटी की ओर से रखी गई मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने मंदिर परिसर में सोलर लाइटें तथा पांच किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर स्थापित कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पहल से मंदिर परिसर में ऊर्जा संबंधी सुविधाएं बेहतर होंगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर मंत्री ने बच्चों के लिए खेल सामग्री भी भेंट की तथा युवाओं और बच्चों को खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलों और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रभाकर खजुरिया, उत्तम सिंह चिब, कमल शर्मा, सुनील राका, सुभाष सेठ, ठाकुर कश्मीर सिंह, पवन भाऊ, गुलशन शर्मा (सरपंच), दिलावर सिंह, रजत सूदन, डॉ. शुभनंदन, दीप राज शर्मा सहित मंदिर प्रबंधक कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

