राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी किया
- Admin Admin
- Mar 07, 2025

जयपुर, 7 मार्च (हि.स.)। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने मार्च 2025 से सितंबर 2026 तक होने वाली 44 भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी किया है। इसमें परीक्षाओं की संभावित तिथियों के साथ-साथ परिणाम घोषित होने की अनुमानित तारीखें भी शामिल हैं। यह कैलेंडर शुक्रवार दोपहर को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया।
बोर्ड के अनुसार, 2025 में मार्च से दिसंबर तक 35 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 2026 में नौ परीक्षाओं का आयोजन निर्धारित किया गया है।
संशोधित कैलेंडर के तहत, शीघ्र लिपिक और निजी सहायक ग्रेड सेकेंड भर्ती परीक्षा 19 से 23 मार्च 2025 के बीच आयोजित होगी, जिसका परिणाम 20 जून 2025 को जारी किया जाएगा।
जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा 12 अप्रैल 2025 को होगी और इसका परिणाम 12 नवंबर 2025 को घोषित किया जाएगा। वहीं, पटवारी भर्ती परीक्षा 11 मई 2025 को आयोजित की जाएगी, जिसका परिणाम 11 अगस्त 2025 को जारी होगा।
बोर्ड के सचिव डॉ. भागचंद बधाल ने बताया कि सरकार द्वारा घोषित नई भर्तियों के मद्देनजर यह संशोधित कैलेंडर जारी किया गया है। इसमें परीक्षा की तारीखों के साथ यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा लिखित, कंप्यूटर आधारित या टैबलेट आधारित मोड में आयोजित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित