जाति जनगणना से वंशवाद की राजनीति का पर्दाफाश होगा: केशव प्रसाद मौर्य
- Admin Admin
- Jun 16, 2025

लखनऊ,16 जून (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जाति जनगणना का नोटिफिकेशन जारी करने का स्वागत किया है। केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से कहा कि जाति जनगणना से वंशवाद की राजनीति का पर्दाफाश होगा। उन्होंने कहा कि अब जब जनगणना हकीकत बनने जा रही है, विपक्षी दलों के चेहरे बुझे हुए हैं। यह कदम जनता के अधिकार और विकास के आधार को मज़बूत करेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2026-27 भारत की सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक दिशा तय करने वाला काल होगा। गृहमंत्रालय के अनुसार जाति जनगणना का पहला चरण 1 अक्टूबर 2026 से हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में शुरू होगा और 1 मार्च 2027 से देशभर में लागू होगा। यह ऐतिहासिक फ़ैसला सिर्फ़ यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ही ले सकती थी। दशकों से कांग्रेस और सपा जैसे दल सिर्फ़ जाति जनगणना की बातें करते रहे, लेकिन कभी इसे लागू करने का साहस नहीं दिखाया।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी ने कहा कि जाति जनगणना कराने का निर्णय स्वागत योग्य है। सपा व कांग्रेस ने कभी इसके लिए पहल नहीं की है। अब भाजपा सरकार जाति जनगणना कराने जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन