जनगणना से विकसित भारत निर्माण और जातीय गणना से नए इतिहास का सृजन होगा : महेंद्र भट्ट
- Admin Admin
- Jun 16, 2025

देहरादून, 16 जून (हि.स.)। भाजपा ने राष्ट्रीय जनगणना की अधिसूचना जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, इस संवैधानिक प्रक्रिया के आंकड़ों पर विकसित भारत का निर्माण होगा, जिसमें जातीय गणना से नए इतिहास का सृजन होगा। वहीं विपक्ष से भी अपने सभी दुर्भावों को त्याग इस संवैधानिक प्रक्रिया में सकारात्मक सहयोग की अपील की है।
उन्होंने जनगणना प्रक्रिया को लेकर गजट नोटिफिकेशन जारी करने का स्वागत किया है। अपनी प्रतिक्रिया में इसे देश के विकास और सामाजिक कल्याण की योजनाओं के निर्माण में अति आवश्यक बताया। साथ ही कहा, कोरोना महामारी के चलते इसमें थोड़ा विलंब हुआ है, लेकिन अब इस संवैधानिक प्रक्रिया की शुरुआत से शीघ्र राष्ट्रीय नीति निर्धारण के लिए जरूरी जानकारियां मिलेगी।
उन्होंने कहा, देश की तरह उत्तराखंड के लोगों का भी इस महत्वपूर्ण भागीदारी का इंतजार समाप्त हुआ है। हम सभी शुक्रमंद हैं कि पर्वतीय राज्यों की भौगौलिक एवं प्राकृतिक दुश्वारियों को समझते हुए 1 अक्टूबर 2026 तक का समय अलग से निर्धारण किया गया है। उन्होंने आग्रह किया कि प्रथम चरण के बाद जब द्वितीय चरण में इस अभियान से जुड़े स्वयंसेवक और कर्मचारी आपके पास आएं तो खुलकर उनका सहयोग करें क्योंकि आपकी जानकारियां, आंकड़ों में तब्दील होकर प्रदेश के लिए विकास और जनकल्याण की नीतियों के निर्माण में सहायक होंगी।
प्रदेशाध्यक्ष ने विपक्ष समेत सभी सामाजिक संगठनों व स्वयंसेवी संस्थाओं से भी राष्ट्रनीति निर्माण की इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal