केंद्र के बड़े नौकरशाही फेरबदल में अरविंद श्रीवास्तव को राजस्व सचिव नियुक्त किया गया

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा शुक्रवार को किए गए शीर्ष स्तरीय नौकरशाही फेरबदल में वरिष्ठ नौकरशाह अरविंद श्रीवास्तव को नया राजस्व सचिव नियुक्त किया गया है। कर्नाटक कैडर के 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी श्रीवास्तव वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

कार्मिक मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के सचिव के रूप में अरविंद श्रीवास्तव की नियुक्ति को मंजूरी दी है। नागरिक उड्डयन सचिव वुमलुनमंग वुअलनम को व्यय विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वह मनोज गोविल का स्थान लेंगे। मनोज गोविल मध्य प्रदेश कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें कैबिनेट सचिवालय में सचिव (समन्वय) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति वंदना गुरनानी के स्थान पर की गयी है, जिनको श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में सचिव के पद पर भेजा गया है। गुरनानी कर्नाटक कैडर की 1991 बैच की आईएएस हैं।

बिहार कैडर के 1991 बैच के आईएएस अधिकारी राजित पुन्हानी को कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक अग्रवाल को संस्कृति मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं।

महाराष्ट्र कैडर की 1990 बैच की आईएएस मीता आर. लोचन को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सचिव नियुक्त किया गया है। मणिपुर कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी के मोसेस चालई को वित्त मंत्रालय के सार्वजनिक उद्यम विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी आशीष श्रीवास्तव को गृह मंत्रालय में अंतरराज्यीय परिषद सचिवालय का सचिव नियुक्त किया गया है। मणिपुर कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी राजेश अग्रवाल को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

   

सम्बंधित खबर