राजगंज ग्रामीण अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर रोधी टीकाकरण अभियान शुरू
- DSS Admin
- May 30, 2026
जलपाईगुड़ी, 30 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए राज्यव्यापी विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज ग्रामीण अस्पताल में इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। राजगंज ग्रामीण अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा विधायक दिनेश सरकार, बीएमओएच डॉ. राहुल राय, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बीएमओएच डॉ. राहुल राय ने बताया कि अभियान के पहले दिन ही करीब 15 किशोरियों को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) रोधी टीका लगाया गया। टीकाकरण के बाद सभी लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।अस्पताल सूत्रों के अनुसार, यह टीका मुख्य रूप से 14 वर्ष की किशोरियों को दिया जा रहा है, जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह विशेष टीकाकरण अभियान अगले तीन महीनों तक जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक किशोरियों को इस गंभीर बीमारी से बचाव मिल सके।

