हिसार : बर्तन बेचने आई महिला लाखों के सोने-चांदी के आभूषण लेकर चंपत

चमकाने के बहाने मंगवाए थे आभूषण, चाय बनाने के बहाने युवती को भेजा घर के अंदर

हिसार, 8 सितंबर (हि.स.)। हांसी क्षेत्र के गांव ढाणी पीरान में बर्तन बेचने आई एक महिला पुराने आभूषणों को चमकाने का झांसा देकर लाखों रुपए के सोने और चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गई। आरोपी महिला ने आभूषणों को चमकाने के बाद मकान मालिक की बहन को चाय बनाने के बहाने अंदर भेज दिया और जैसे ही युवती चाय बनाने के लिए घर के अंदर रसोई में गई तो पीछे से महिला सारे आभूषण लेकर चंपत हो गई।

आभूषण लेकर चंपत हुई महिला को पूरे गांव में तलाश किया गया लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर ढाणी पीरान निवासी सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा महिला की पहचान के लिए गांव व आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही हैं।

पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र ने बताया कि रविवार को ढाणी पीरान में उसके घर पर एक महिला बर्तन बेचने के लिए आयी थी। उस समय घर पर उसकी बहन रेखा मौजूद थी लेकिन रेखा ने महिला से कहा कि हमें बर्तन नहीं चाहिए। फिर उस बर्तन बेचने वाली महिला ने कहा कि मेरे पास एक ऐसा केमिकल है जिससे मैं आपके पहने हुए गहनों को चमका सकती हूं। सुरेन्द्र ने बताया कि गहने चमकाने की बात कहने पर उसकी बहन उस महिला की बातों में आ गई। रेखा ने अपने कान में पहनी आधा तोला की सोने की बालियां और गले में पहना आधा तोले का सोने का मंगलसूत्र व पैरों में पहनी करीब 300 ग्राम चांदी की पाजेब और घर के अंदर कमरे में लेटी उसकी गर्भवती पत्नी का करीब 1 तोले का सोने का मंगलसूत्र, सोने की आधा तोले की तबीजी, कान की आधा तोले की सोने की बाली लाकर उस बर्तन बेचने वाली महिला को चमकाने के लिए दे दी।

सुरेन्द्र ने बताया बर्तन बेचने वाली महिला ने कुछ देर बाद सभी गहने चमका कर उसकी बहन रेखा को वापस दे दिए और कहा कि इन्हें सूखने के लिए कुछ समय धूप में रख दो। महिला के कहने पर उसकी बहन रेखा ने सारे गहने बाहर रखी चारपाई पर रख दिए। सुरेन्द्र ने बताया कि उसके बाद महिला ने उसकी बहन से एक कप चाय पिलाने की बात कही। उसकी बहन रेखा महिला की बातों में आ गई और बर्तन बेचने वाली महिला के लिए चाय बनाने के लिए घर के अंदर रसोई में चली गई। जब उसकी बहन चाय बना कर वापस आंगन में आई तो बर्तन बेचने वाली महिला और चारपाई पर रखे सारे आभूषण गायब मिले। इसके बाद उसकी बहन रेखा ने उसे फोन कर सूचना दी और आसपास की महिलाओं को साथ लेकर पूरे गांव में उस महिला को तलाश किया लेकिन उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चला।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर