तिरंगा यात्रा देशभक्ति और सैनिकों के सम्मान का प्रतीक: बड़ौली

चंडीगढ़, 13 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत ने जो लड़ाई लड़ी और जिस पराक्रम व साहस के साथ लड़ी, उसके लिए आज हम सब इस यात्रा के माध्यम से हमारे वीर सैनिकों को सलाम कर रहे हैं। यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति और सैनिकों के सम्मान का प्रतीक है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक मंगलवार काे पंचकूला में आयाेजित तिरंगा यात्रा - एक यात्रा देशभक्ति के नाम समाराेह काे संबाेधित कर रहे थे। प्रदेशाध्यक्ष कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने जो पराक्रम साहस करके दिखाया उनके सम्मान में हम इस यात्रा में शामिल हुए हैं। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री की अगुवाई में लगभग 2 किलोमीटर तक हम सभी पैदल मार्च करेंगे।

वीर सैनिकों को समर्पित तिरंगा यात्रा : रस्तोगी

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा उन सभी वीर सैनिकों को समर्पित है, जिन्होंने अपने प्राणों का बलिदान इस देश के लिए दिया है। यह यात्रा उन सभी सेनानियों को भी समर्पित है, जो देश की सरहदों पर लड़ रहे हैं और दिन-रात अपना खून पसीना एक रहे हैं, जिससे हम शांति से अपने घर में चैन की नींद सो सकें। यह यात्रा उन सभी निर्दोष भारतवासियों, जिनकी निर्मम हत्या आतंकवादियों ने बहुत ही कायरतापूर्ण अंदाज में की, उनको समर्पित है। उन्हाेंने कहाकि इस यात्रा के माध्यम से हम स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि हमारे इरादे बुलंद और बहुत मजबूत हैं और देश का एक-एक नागरिक अपने देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान की बलि देने के लिए पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोद ने देश के नाम संबोधन दिया और उसमें उन्होंने जो संदेश दिया उसमें तीन मुख्य बिंदु थे। प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह समय युद्ध का नहीं है, लेकिन यह समय आतंकवाद का भी नहीं है। टेरर के साथ ट्रेड और टॉक नहीं चल सकती। लहू और जल एक साथ नहीं बह सकते। अब बात होगी तो सिर्फ पाकिस्तान ऑक्यूपाइड कश्मीर और उसमें पनप रहे आतंकवाद के प्रति होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

   

सम्बंधित खबर