तीन नक्सलियों के मुठभेड़ में मारे जाने को लेकर मुख्यमंत्री साय ने जवानों के हौसले और अदम्य साहस को किया नमन
- Admin Admin
- Mar 25, 2025

रायपुर, 25 मार्च (हि.स.)।दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना एवं बीजापुर के सरहदी क्षेत्र में मंगलवार काे हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के जवानों ने तीन पुरुष नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बयान जारी कहा है कि जवानों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 लाख के इनामी नक्सली सुधीर को ढेर किया है। यह हमारी डबल इंजन की सरकार और सुरक्षाबलों की बहादुरी का परिणाम है कि वर्ष 2025 में ही बस्तर रेंज में हुए विभिन्न मुठभेड़ों में अब तक 100 नक्सली मारे गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए, सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।जवानों के हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि दंतेवाड़ा और बीजापुर क्षेत्र के थाना गीदम के ग्राम गिरसापारा, नेलगोड़ा, बोड़गा और इकेली के सरहदी क्षेत्र में नक्सल कैडरों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। इस पर माओवादी विरोधी अभियान पर दंतेवाड़ा डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की टीम अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान आज सुबह 8 बजे से माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच लगातार फायरिंग हुई ।मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान के दौरान मौके से 03 पुरुष नक्सलियों के शव बरामद किए गए।पुलिस उप महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंज कमलोचन कश्यप ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग जारी है। विस्तृत जानकारी सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा