(संशोधित) काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा व ब्रजभूमि के कायाकल्प का समयः मुख्यमंत्री
- Admin Admin
- Mar 07, 2025

- योगी आदित्यनाथ ने मथुरा के बरसाना में रंगोत्सव का किया शुभारंभ
मथुरा, 07 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा जिले के बरसाना में शुक्रवार को ’रंगोत्सव 2025’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा और ब्रजभूमि के कायाकल्प का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि पांच हजार साल से भारत की सनातन संस्कृति को ऊर्जा देने वाली यह ब्रजभूमि श्रद्धा और आस्था की धरा है। इसके कण-कण में श्रीराधा और श्रीकृष्ण के दर्शन होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि यहां काशी, अयोध्या और मथुरा, ये तीनों तीर्थ स्थल सनातन एकता के प्रतीक के रूप में मौजूद हैं। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास की नई परंपरा स्थापित हुई है, जिसका परिणाम हाल ही में संपन्न प्रयागराज महाकुंभ के भव्य आयोजन के रूप में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि जो जितना सनातन धर्म के खिलाफ बोलता था, अफवाह फैलाता था और तर्कहीन बातें करता था, उन्हें सनातन धर्मावलम्बियों ने महाकुंभ के जरिए करारा जवाब दिया है। महाकुंभ सनातन धर्म का दुर्लभतम क्षण बन गया है।
योगी ने होली को एकता का सूत्र बताते हुए कहा कि होली आपसी सद्भाव और दूरियों को मिटाने का त्योहार है। महाकुंभ ने जहां दुनिया को एकता का संदेश दिया, वहीं होली इसे और मजबूत करती है। उन्होंने बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लठ्ठमार होली और लड्डूमार होली का जिक्र करते हुए सनातन धर्म की अद्भुत परंपराओं की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के बजट में ब्रजभूमि के विकास के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। करोड़ों की योजनाओं के साथ बरसाना को विकास से जोड़ा जा रहा है। पहली बार बरसाना में रोपवे की सुविधा शुरू हुई है। महाकुंभ के सकुशल सम्पन्न होने के बाद अब फुरसत मिली है। काशी, अयोध्या, प्रयागराज, मां विंध्यवासिनी धाम के विकास के बाद अब बारी इसी पुण्यभूमि की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मथुरा, बरसाना, ब्रजभूमि के विकास के लिए कोई सीमा नहीं है। योगी ने कहा कि वे होली के अवसर पर श्रीराधारानी के चरणों में इसी निवेदन के साथ पहुंचे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने दिल्ली में रामभक्तों की सरकार आने का जिक्र करते हुए यमुना के संरक्षण का वादा दोहराया। उन्होंने कहा कि अब यमुना मइया भी गंगा मां की तरह निर्मल और अविरल होंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संतों का सम्मान किया और देश-दुनिया से आए लोगों को होली एवं रंगोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बरसाना ब्रह्मा, नंदगांव शिव और गोवर्धन विष्णु जी का प्रतीक है। यह ब्रजभूमि हर सनातन धर्मावलंबी के लिए आशीर्वाद का केंद्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार सुरक्षा, विकास और समृद्धि की गारंटी है। होली के इस पावन अवसर पर ब्रजभूमि के विकास को नई गति मिलेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्रीलाडली जी महाराज के मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर संतजन विनोद बाबा, रामसुख दास, माधवदास मौनी बाबा, फलहारी बाबा, राज्य सरकार के मंत्री संदीप सिंह एवं चौधरी लक्ष्मी नारायण, सांसद तेजवीर सिंह, विधायक मेघश्याम सिंह, पूरण प्रकाश, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र आदि मौजूद रहे। वहीं गीतांजली शर्मा ने अपने समूह के साथ नृत्य के जरिए फूलों की होली पर विशेष प्रस्तुति दी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार