हिसार : एचएयू वीएसी पर आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की जाए : वजीर पूनिया

पद का दुरूपयोग करके सरकारी आवास पर करवाई कथा, लाइव प्रसारण में मुख्यमंत्री का फोटो बार-बार दर्शाया

हिसार, 28 सितंबर (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता वजीर सिंह पूनिया ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज कंबोज, उनकी पत्नी संतोष कुमारी व कैंपस स्कूल निदेशक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इन तीनों ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के दौरान चुनाव आयोग द्वारा लागू आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन किया है।

वजीर सिंह पूनिया ने शनिवार को कहा कि कुलपति प्रो. बीआर कंबोज व उनकी धर्मपत्नी संतोष कुमारी ने अपने सरकारी निवास में सत्संग का कार्यक्रम किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जो लाडवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, के साथ फोटो प्रदर्शित की है जो कि चुनाव के दौरान वर्जित है। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि प्रो. कम्बोज ने इस प्राइवेट कार्यक्रम का अपने सरकारी निवास से लाइव प्रसारण भी किया जिसमें मुख्यमंत्रत्री नायब सिंह सैनी की फोटो बार-बार दिखाई जा रही है। उनका यह कदम स्पष्ट रूप से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है और प्रशासनिक पद का दुरुपयोग है।

वजीर सिंह पूनिया ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब प्रो. बीआर कंबोज ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है। पहले भी उनके खिलाफ इस तरह की शिकायतें दर्ज की गई हैं, और निर्वाचन अधिकारी द्वारा इसकी रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी गई थी। प्रो. बीआर कम्बोज सरकारी पद पर रहते हुए मुख्यमंत्री के साथ राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं जो विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।विश्वविद्यालय में हजारों कर्मचारी (शिक्षण और गैर-शिक्षण) काम करते हैं और छात्र पढाई करते है, जो विभिन्न जिलों में फैले हुए हैं।

प्रो. कम्बोज का यह आचरण कर्मचारियों व छात्रों पर सीधा प्रभाव डाल सकता है और चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास है। चुनाव आचार संहिता का पालन हर सरकारी अधिकारी व कर्मचारी के लिए अनिवार्य है। प्रो. कम्बोज व उनकी धर्मपत्नी संतोष कुमारी का यह कृत्य न केवल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है, बल्कि यह दिखाता है कि कैसे वे अपनी आधिकारिक शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। वजीर सिंह पूनिया ने संबंधित अधिकारियों व चुनाव आयोग को ईमेल करके आग्रह किया है कि प्रो. बलदेव राज कंबोज व उनकी धर्मपत्नी संतोष कुमारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि चुनावों की निष्पक्षता को बनाए रखा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर