कैथल: मुख्यमंत्री ने पौधा लगाकर की कैथल से राज्य स्तरीय पौधारोपण अभियान की शुरुआत

कैथल,16 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मानसून सीजन के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरूआत की गई थी। इसी अभियान को गति देते हुए हरियाणा में शुक्रवार को एक साथ राज्यस्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम के तहत 51 लाख पौधे लगाए गए। यह कार्यक्रम हर जिलों में आयोजित किया गया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कैथल में आयोजित एक पेड़ मां के नाम राज्य स्तरीय एक दिवसीय पौधारोपण महा अभियान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में 1 करोड़ 60 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी परवरिश भी करनी जरूरी है। इससे वातावरण स्वच्छ और वायु शुद्ध होती है। स्वच्छ पर्यावरण से व्यक्ति का स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। इस अवसर पर वन मंत्री संजय सिंह, वन विभाग अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, प्रधान मुख्य वन संरक्षक हरियाणा पंकज गोयल, विधायक लीला राम, कमलेश ढांडा, हैफेड चेयरमैन कैलाश भगत, मीडिया प्रभारी भीम सैन अग्रवाल, सुरेश संधु, सीमा देवी, बलविंद्र जांगड़ा, अशोक सैनी, आदित्य भारद्वाज, प्रवीण प्रजापति, कृष्ण पिलनी मौजूद रहे।

पर्यावरण, वन व वन्य जीव राज्य मंत्री संजय सिंह ने कहा कि मुझे खुशी है कि कैथल से प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान के राज्य स्तरीय समारोह की शुरुआत की गई है और 51 लाख पौधे आज पूरे प्रदेश में एक साथ लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 24 घंटे जनता के बीच रहते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करवाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेश कुमार भारद्वाज / SANJEEV SHARMA

   

सम्बंधित खबर