रांची में पहली बार पहुंचे सीडीएस जनरल अनिल चौहान

-अनिल चौहान खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय रक्षा प्रदर्शनी में लेंगे हिस्सा

रांची, 18 सितंबर( हि.स.)। देश के पहले और वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान पहली बार गुरुवार को रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एयरपोर्ट पर काफी संख्या में मौजूद पूर्व सैनिकों तथा सैन्य अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

जनरल अनिल चौहान का यह दौरा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद हो रहा है, जिससे इसे विशेष रणनीतिक महत्व भी मिल रहा है। इस ऑपरेशन ने देश के सैन्य नेतृत्व की सुदृढ़ता को दर्शाया। सीडीएस का रांची आना एक मजबूत संदेश है।

जनरल चौहान का यह दौरा रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय डिफेंस एग्जीबिशन एंड सेमिनार के मद्देनज़र है, जिसमें वे रक्षा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों, सैन्य रणनीतियों और युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर संवाद करेंगे। यह पहली बार है जब झारखंड की धरती पर इतनी बड़ी रक्षा प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है।

इस आयोजन के जरिए झारखंड की राजधानी रांची राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रक्षा विमर्श में एक प्रमुख स्थान हासिल कर रही है। राज्य सरकार और रक्षा मंत्रालय की साझा पहल से यह आयोजन न केवल राज्य के युवाओं को अवसर देगा, बल्कि झारखंड को नीति-निर्माण में अधिक भागीदारी दिलाने की दिशा में भी कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

   

सम्बंधित खबर