झज्जर : कार की टक्कर से छह साल के मासूम की मौत

झज्जर, 17 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली-रोहतक रोड पर रोहद गांव के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप के पास एक कार की टक्कर से एक 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

इसी हादसे में मोपेड (दुपहिया) पर सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक की पहचान बिहार मूल के इशांत कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने गुरुवार श्याम मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

मृतक के पिता बिहार जिले के बेगूसराय निवासी शत्रुहन के अनुसार वह परिवार सहित दिल्ली-रोहतक रोड पर रोहद गांव के नजदीक रहता है और मजदूरी करता है।

उसे पता चला कि उसके तीनों बच्चे इंशात कुमार, प्रिंस व रोशनी पेट्रोल पंप पर बोतल में ठंडा पानी लेने के लिए गए थे। प्रिंस व रोशनी पेट्रोल पंप पर लगे वाटर कूलर पर खड़े थे। जबकि इशांत कुमार रोड के पास पेट्रोल पंप की तरफ खड़ा हुआ था।

इसी दौरान रोहतक की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आई और एक मोपेड (दुपहिया) सवार व्यक्ति को टक्कर मारते हुए उसके बेटे को भी टक्कर मारी। इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोटें आई।

दुर्घटना में लगी चोटों के कारण उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

इस दुर्घटना में मोपेड पर सवार सुभाष घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। इशांत कुमार 4 बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। पुलिस का कहना है कि मृतक बच्चे के पिता के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

   

सम्बंधित खबर