बच्चों ने देखी भारतीय सेना की ताकत

जोधपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय सेना द्वारा शिकारगढ़ रोड पर लाल मंदिर के पास सैन्य उपकरणों एवं हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने नजदीक से भारतीय सेना की ताकत को देखा।

कारगिल युद्ध में भारत की विजय के उपलक्ष्य में कारगिल विजय दिवस हर वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है। इस वर्ष कारगिल विजय दिवस (रजत जयन्ती महोत्सव) के अवसर दो दिवसीय सैन्य उपकरणों एवं हथियारों को शिकारगढ़ रोड पर लाल मंदिर के पास सुबह नौ से शाम चार बजे तक प्रदर्शित किया गया है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य हमारे सशस्त्र बल कर्मियों के अदम्य साहस और बलिदान का सम्मान करना है जिन्होंने वीरता और बलिदान के साथ हमारे देश की सीमाओं की रक्षा की। प्रदर्शनी के पहले दिन अलग-अलग स्कूलों के बच्चों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान सैन्यकर्मियों ने उन्हें सैन्य उपकरणों एवं हथियारों के बारे में जानकारी दी। प्रदर्शनी शुक्रवार को भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश / संदीप

   

सम्बंधित खबर