ढाबे के सामने पकड़ा 2046 किलो डोडा चूरा, कंटेनर के गुप्त चैंबर में छिपा कर ले जा रहे थे पंजाब
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
चित्तौड़गढ़, 15 जून (हि.स.)। नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो चित्तौड़गढ़-2 और कोटा की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बारां-कोटा रोड स्थित देवरी गांव के पास दोस्ताना ढाबे के सामने एक कंटेनर ट्रक से 2046.850 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया है। मामले में आरोपित कंटेनर के चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे अनुसंधान जारी है। बरामद किए डोडा चूरा का अंतरराष्ट्रीय अनुमानित मूल्य 25 करोड़ से ज्यादा आंका जा रहा है।
उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल ने बताया कि ब्यूरो को पक्की खुफिया जानकारी मिली थी कि हरियाणा नंबर के एक कंटेनर ट्रक में डोडा चूरा तस्करी होनी है। यह भी जानकारी आई थी कि मध्यप्रदेश के जावरा-मंदसौर इलाके से पंजाब तक भारी मात्रा में डोडा-पोस्त ले जाया जा रहा है। इस पर ब्यूरो चित्तौड़गढ़-2 और ब्यूरो कोटा की संयुक्त टीम रवाना हुई। नारकोटिक्स ने संदिग्ध रास्ते पर कड़ी निगरानी के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बारां जिले में देवरी गांव के पास एक ढाबे के सामने कंटेनर ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान चालक केबिन के ठीक पीछे कंटेनर और केबिन के बीच एक गुप्त चैंबर मिला। चैंबर का आउटलेट सामने के दो टायरों के बीच टैक वेल्ड यानी हल्की वेल्डिंग से बंद किया हुआ था। वेल्डिंग तोड़ कर तलाशी ली गई तो 101 बोरियों में भरा 2046.850 किलो पोस्ता भूसा बरामद हुआ। उप नारकोटिक्स आयुक्त ने बताया कि कानूनी औपचारिकता पूरी कर बरामद पोस्ता भूसा और कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया गया। ट्रक में सवार एक व्यक्ति को एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह मादक पदार्थ मध्यप्रदेश से पंजाब ले जाने की बात सामने आई है। नारकोटिक्स मामले में अग्रिम अनुसंधान कर रहा है।
---------------

