बसोहली बस स्टैंड पर स्वच्छता अभियान को लेकर कार्यक्रम आयोजित, एडीसी ने लोगों से सहयोग की अपील की
- Neha Gupta
- Jun 11, 2026

बसोहली, 11 जून । बसोहली बस स्टैंड पर स्वच्छता अभियान को लेकर नगर पालिका समिति बसोहली द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीसी ने सभी नागरिकों और दुकानदारों से अपने घरों और दुकानों के अंदर व आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गीले कचरे को हरे डस्टबिन और सूखे कचरे को नीले डस्टबिन में एकत्रित करें तथा नगर पालिका की कचरा संग्रहण गाड़ियों में ही कचरे का निस्तारण करें, जो सुबह और शाम शहर में नियमित रूप से चलती हैं। एडीसी ने नगर पालिका के ईओ को निर्देश दिए कि बस स्टैंड पर कचरा उठाने वाली गाड़ियां दिन में तीन से चार बार चक्कर लगाएं। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बस स्टैंड व आसपास की नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि यहां आने वाले लोगों को स्वच्छता का स्पष्ट संदेश मिले।
इसके अलावा शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक कराने के भी निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान ईओ नगर पालिका ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें।
उन्होंने चेतावनी दी कि दुकान के सामने या अंदर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर ईओ नगर पालिका समिति बसोहली राकेश कुमार, तहसीलदार सागर विश्वकर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुमेश स्पोलिया, पूर्व पार्षद राजेंद्र बाली, व्यापार मंडल बसोहली के अध्यक्ष अनिल पडा, प्रमुख नागरिक अमित मेहरा, अमरीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इससे पूर्व एडीसी द्वारा दुकानदारों को गीले और सूखे कचरे के लिए हरे और नीले डस्टबिन भी वितरित किए गए।
---------------

