सशक्त गृह रक्षा वाहिनी बनेगी सुरक्षित और विकसित बिहार की आधारशिल : मुख्यमंत्री
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
पटना, 18 जून (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित गृह रक्षा वाहिनी के नवनियुक्त गृह रक्षकों के पासिंग-आउट परेड समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।
मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और प्रशिक्षण राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे। विकसित भारत के संकल्प और समृद्ध बिहार की परिकल्पना को साकार करने में पुलिस बल और गृह रक्षा वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि विकास और समृद्धि के लिए सुरक्षित वातावरण आवश्यक है और प्रशिक्षित होमगार्ड जवान इस दिशा में अहम योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव और वर्ष 2025 के विधानसभा चुनावों के दौरान होमगार्ड जवानों ने अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में लगभग 1.10 लाख होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई थी और विधानसभा चुनाव 2025 में लगभग 44 हजार जवानों ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने होमगार्ड जवानों के हित में 3 सितंबर 2025 से उनके दैनिक भत्ते को 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा बलों के कल्याण के प्रति संवेदनशील है और आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 13 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों के लिए राज्य में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की विशेष प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विद्यालयों और कॉलेजों के आसपास 5 हजार स्कूटी एवं मोटरसाइकिल से “पुलिस दीदी” की तैनाती की जाएगी, जिससे बेटियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया।
----------

