गुवाहाटी, 28 जून (हि.स.)। राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूब गुवाहाटी पुलिस जिला (ईजीपीडी) की सोनापुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए डिगारू क्षेत्र में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन सिरप जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि, गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एक यात्रा बैग की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 198 बोतल कोडीन सिरप बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह खेप अवैध रूप से तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगांव जिले के सद्दाम हुसैन (31), दिलदार अली (29), ऐजुल हुसैन (28), अनुवार हुसैन (38), मोइनुल इस्लाम (35) तथा वाहिदुल अली (18) के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
------------

