इतिहास के पन्नों में 11 मार्चः टीम इंडिया को पहला टेस्ट मैच जिताने वाला कप्तान-विजय हजारे
- Admin Admin
- Mar 10, 2025

भारतीय क्रिकेट टीम ने 10 फरवरी 1952 को चेपक मैदान में इंग्लैंड को एक पारी और आठ रन से हराकर अपनी पहली टेस्ट जीत हासिल की थी। हालांकि भारत का टेस्ट सफर 1932 में ही शुरू हो चुका था लेकिन पहली जीत के लिए उसे पूरे 20 साल का इंतजार करना पड़ा। टीम को जीत दिलाने वाले पहले कप्तान का नाम था- विजय हजारे। इस मैच में ऑलराउंडर वीनू मांकड़, पंकज राय तथा पॉली उमरीगर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था।
भारत के इस महान क्रिकेटर के नाम पर ही बीसीसीआई की तरफ से विजय हजारे ट्रॉफी नामक सलाना घरेलू टूर्नामेंट आयोजित किया जाता है।
11 मार्च 1915 को महाराष्ट्र के सांगली में जन्मे विजय सैमुअल हज़ारे की गिनती दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में होती है। हजारे ने भारत के लिए 31 साल की उम्र में डेब्यू किया था। उन्होंने 30 टेस्ट मैचों में 47.65 की औसत से 2192 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक निकले। भारतीय टीम पहली बार 1947-48 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी, विजय हजारे ने उस दौरे पर एडिलेड टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़े थे। उनके नाम पर रणजी ट्रॉफी का पहला तिहरा शतक जड़ने का भी रिकॉर्ड है। 18 दिसंबर 2004 को उनका 89 साल की उम्र निधन हो गया।
अन्य अहम घटनाएंः
1999 - इंफोसिस कंपनी पहली भारतीय कंपनी है जो नशदाक (NASDAQ) अंतरराष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज की सूची में आई।
2001 - संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफी अन्नान का एशिया के चार देशों की यात्रा पाकिस्तान से प्रारम्भ, अन्नान कश्मीर पर भारत के रुख़ से सहमत, बौद्ध प्रतिमाओं के ध्वंस के संबंध में तालिबान ने अन्नान का अनुरोध ठुकराया।
2004 - स्पेन में तीन रेलवे स्टेशनों पर हुए बम विस्फोटों में 190 मरे, 1200 घायल।
2006 - यूनानी संसद ने दाह-संस्कार को अनुमति देने वाले क़ानून को बहुमत से पारित किया।
2008 -मेघालय में 8वीं विधान सभा के 57 सदस्यों ने शपथ ली।
- उत्तर प्रदेश के दोनों सदनों में विनियोग विधेयक ध्वनि मत से पारित हुआ।
-पाकिस्तान के लाहौर में दो आत्मघाती विस्फोटों में 26 लोग मारे गये।
-अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के यान एंडेवर ने अंतरिक्ष स्टेशन की ओर उड़ान भरी।
2011- भारतीय रक्षा वैज्ञानिकों ने उड़ीसा के समुद्र तट पर 350 किलोमीटर दूर तक मार करने वाली धनुष और पृथ्वी मिसाइलों का सफल परीक्षण किया।
जन्म
1915 - विजय हज़ारे - भारत के जानेमाने क्रिकेट खिलाड़ी थे।
1925 - मदनसिंह मतवाले - हैदराबाद रियासत के साथ संघर्ष करने वाले प्रमुख व्यक्तियों में से एक।
1927 - वी. शांता - रेमन मैग्सेसे पुरस्कार विजेता भारतीय महिला चिकित्सक थीं।
1939 - सुदर्शन साहू - प्रसिद्ध भारतीय मूर्तिकार।
1942 - अमरिंदर सिंह - पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री।
1954 - विनोद दुआ - प्रसिद्ध भारतीय समाचार वक्ता, हिंदी टेलीविजन पत्रकार एवं कार्यक्रम निर्देशक थे।
1961 - मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान - अबु धाबी के राजकुमार।
निधन
1699 - सम्भाजी - छत्रपति शिवाजी महाराज के ज्येष्ठ पुत्र और उत्तराधिकारी।
1980 - चन्द्रभानु गुप्त - प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री।
महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
अंडमान-निकोबार दिवस।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश