इतिहास के पन्नों में 21 मार्चः आज ही के दिन खत्म हुआ था 19 माह का आपातकाल

भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में इमरजेंसी यानी आपातकाल एक काला धब्बा है। 21 मार्च 1977 को देश में करीब 19 महीने का आपातकाल खत्म हुआ था। इससे पहले 26 जून 1975 की सुबह इंदिरा गांधी ने रेडियो पर आपातकाल लगाने की घोषणा की थी। 25 और 26 जून की मध्यरात्रि इमरजेंसी के आदेश पर राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद दस्तखत कर चुके थे। इसके साथ ही देश में आपातकाल लागू हो चुका था।

करीब 19 महीने तक देश में इमरजेंसी लगी रही। इस दौरान दर्जनों मनमाने सरकारी फैसले हुए। सरकार का विरोध करने पर दमनकारी कानून मीसा और डीआईआर के तहत देश में एक लाख ग्यारह हजार लोग जेल में ठूंस दिए गए। कैद के दौरान लोकनायक जयप्रकाश नारायण की किडनी खराब हो गई। कर्नाटक की मशहूर अभिनेत्री डॉ. स्नेहलता रेड्डी जेल से बीमार होकर निकलीं, बाद में उनकी मौत हो गई।

इमरजेंसी के समय विरोध प्रदर्शन का तो सवाल ही नहीं था। लेखक, कवि और फिल्म कलाकारों तक को नहीं छोड़ा गया। ऊपर से संजय गांधी ने देश को आगे बढ़ाने के नाम पर पांच सूत्रीय एजेंडा बनाया जिसमें परिवार नियोजन प्रमुख था। 19 महीने के दौरान देशभर में करीब 83 लाख लोगों की जबरदस्ती नसबंदी करा दी गई।

18 जनवरी 1977 को इंदिरा गांधी ने अचानक मार्च में लोकसभा चुनाव कराने की घोषणा कर दी। 16 मार्च को हुए लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी और संजय दोनों बुरी तरह हार गए। आपातकाल के रूप में देश पर लगा कलंक 21 मार्च को आधिकारिक रूप से खत्म हो गया। कांग्रेस महज 153 सीटों पर सिमट गई और देश में जनता पार्टी की सरकार बनी। 24 मार्च को मोरारजी देसाई ने देश के चौथे प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।

अन्य अहम घटनाएंः

1791 - अंग्रेजों और टीपू सुल्तान के बीच हुए युद्ध के दौरान 6 हफ्ते की घेराबंदी के बाद ब्रिटिश सेना ने बेंगलुरु पर कब्जा किया।

1836 - कलकत्ता पब्लिक लाइब्रेरी की शुरुआत हुई। ये दक्षिण एशिया की पहली मॉडर्न पब्लिक लाइब्रेरी थी।

1857 - जापान की राजधानी टोक्यो में आए विध्वंसक भूकंप में करीब एक लाख सात हजार लोगों की मौत हो गई।

1935 - फारसी भाषी देश फारस का नाम बदल कर ईरान किया गया। नाम बदलने का प्रस्ताव जर्मनी में ईरान के राजदूत की तरफ से आया था।

1960 - दक्षिण अफ्रीका के शहर शार्पविल में गोरी पुलिस ने रंगभेद के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे लोगों के एक समूह पर गोलियां बरसाई। गोलीबारी में 69 लोगों की जान गई।

1963 - दुनिया की सबसे खतरनाक जेलों में शामिल अलकतरा जेल बंद कर दी गई। ये जेल सैन फ्रांसिस्को खाड़ी के अलकतरा आईलैंड पर बनी थी।

1990- दक्षिण अफ्रीका से आजाद होकर नामीबिया स्वतंत्र देश बना। 106 साल तक नामीबिया पर जर्मन और दक्षिण अफ्रीकी शासन रहा।

1999 - ब्रिटिश हास्य अभिनेता एर्नीवाइस का निधन।

2000 - ताइवान की संसद ने चीन के साथ सीधे तौर पर व्यापार और परिवहन पर पिछले 50 सालों से चले आ रहे प्रतिबंध को समाप्त किया।

- गिरिजा प्रसाद कोइराला नेपाल के नये प्रधानमंत्री नियुक्त।

2006 - ट्विटर पर पहला ट्वीट हुआ। इसे ट्विटर के को-फाउंडर जैक डॉर्से ने किया था। इस ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘just setting up my twttr’ यानी ‘बस अपने ट्विटर की स्थापना कर रहा हूं।’

- रूस और चीन ने रक्षा व ऊर्जा के क्षेत्र में तीन बड़े समझौते किये।

2008 - मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक जगदीश खट्टर को 'जेडी पावर एण्ड एसोसिएटेड फाऊंडर अवार्ड'से सम्मानित किया गया।

- वैज्ञानिकों ने शनि ग्रह के चंद्रमा टाइटन पर महासागर होने के नये साक्ष्य प्राप्त किये।

जन्म

1887 - मानवेन्द्र नाथ राय - वर्तमान शताब्दी के भारतीय दार्शनिकों में क्रान्तिकारी विचारक तथा मानवतावाद के प्रबल समर्थक।

1912 - ख़्वाजा खुर्शीद अनवर - प्रसिद्ध संगीतकार थे।

1916 - शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्ला ख़ान।

1923 - नटराज रामकृष्ण - भारत के एक नृत्य गुरु थे।

1925 - पीटर ब्रुक - अंग्रेज़ नाटक निर्देशक हैं।

1934 - बूटा सिंह - कांग्रेस के वरिष्ठ राजनेता तथा भूतपूर्व गृहमंत्री थे।

1955 - जेयर बोलसोनारो - ब्राज़ील के 38वें राष्ट्रपति हैं।

1978 - रानी मुखर्जी - भारतीय अभिनेत्री हैं।

निधन

1827 - दौलतराव शिन्दे- महादजी शिन्दे के भाई तुकोजीराव होल्कर का पौत्र था।

1952 - केशव प्रसाद मिश्र - हिन्दी के प्रमुख साहित्यकारों में से एक।

2003 - शिवानी, प्रसिद्ध उपन्यासकार

2009 - मेजर मोहित शर्मा - भारतीय सैन्य अधिकारी, जिन्हें मरणोपरांत 'अशोक चक्र'से सम्मानित किया गया।

महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव

विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस

नौरोज़

विश्व वानिकी दिवस

विश्व कठपुतली दिवस

अंतरराष्ट्रीय रंगभेद उन्मूलन दिवस

विश्व कविता दिवस

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

   

सम्बंधित खबर