मीरजापुर के चारों तहसीलों में मात्र 29 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण

मीरजापुर, 03 अगस्त (हि.स.)। जनपद के चारों तहसीलों मड़िहान, चुनार, लालगंज व सदर में जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनपद के चारों तहसीलों में प्राप्त 260 प्रार्थना पत्रों में से 29 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के समक्ष तहसील मड़िहान में कुल 41 प्राप्त आए। इनमें से तीन का मौके पर निस्तारित करते हुए शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व, भूमि विवाद से सम्बन्धित अधिकांश प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए हैं। अतएव राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन के पश्चात ही संतुष्टिपरक निस्तारण करें।

इसी प्रकार तहसील चुनार में 72 प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से मौके पर तीन का निस्तारण, तहसील सदर में 94 में 12 का निस्तारण एवं तहसील लालगंज में 53 प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से 11 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित किया गया। निर्देशित किया गया कि निर्धारित समयावधि में निस्तारण कर निस्तारण आख्या सम्बन्धित तहसील को प्रेषित कर दें।

तहसील मड़िहान में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी मड़िहान युगांतर त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह व इसी प्रकार तहसील चुनार में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश सिंह व तहसील लालगंज में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे देवेन्द्र प्रताप सिंह ने आए हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा / शरद चंद्र बाजपेयी / Siyaram Pandey

   

सम्बंधित खबर