‘कंसर्न फॉर कलकत्ता’ और एनजीओ (इंजीओ) ने तैयार किया ‘पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन रोडमैप 2026’
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
कोलकाता, 06 जून (हि. स.)। ‘कंसर्न फॉर कलकत्ता’ और एनजीओ (इंजीओ) ने बंगाल के लिए ‘पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन रोडमैप 2026’ तैयार करने के उद्देश्य से एक इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, शहरी जल निकायों के पुनरुद्धार और प्लास्टिक उपयोग में कमी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को पश्चिम बंगाल के माननीय मंत्री डॉ. स्वप्न दासगुप्ता ने संबोधित किया। उन्होंने रवींद्र सरोवर झील के सुधार और आदि गंगा पुनरुद्धार योजना पर विशेष ध्यान देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एनजीओ (इंजीओ) के प्रमुख और वरिष्ठ पत्रकार जयंत बसु ने कोलकाता की बिगड़ती पर्यावरणीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए त्वरित सुधारात्मक कदमों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने एक एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में नारायण जैन ने कहा कि इस वर्ष पर्यावरण दिवस के अवसर पर कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों में प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग को रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कपड़े और जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ‘कंसर्न फॉर कलकत्ता’ लंबे समय से इस दिशा में जागरूकता अभियान चला रहा है। संगठन द्वारा विभिन्न बाजारों के बाहर खरीदारों को कपड़े और जूट के बैग भी वितरित किए जा रहे हैं, जिसे लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
कोलकाता के पूर्व शेरिफ दलाल बसु ने संगठन के प्रयासों की सराहना की और सुंदरबन तथा आर्द्रभूमियों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं प्रेस क्लब, कोलकाता के अध्यक्ष स्नेहाशिस सूर ने उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए।
डॉ. पूर्णेंदु रॉय ने पर्यावरण संरक्षण के लिए मजबूत कानूनों और नागरिकों द्वारा व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर विभिन्न वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में ‘कंसर्न फॉर कलकत्ता’ के कई सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनमें के. एस. अधिकारी, पवन पहाड़िया, लेखा शर्मा, के. एन. गुप्ता, देबाशीष डे, पीएल शाह और के.सी. तिवारी शामिल थे।

