अम्बेडकर को एक बार भी चुनाव लड़ने का अवसर नहीं दिया कांग्रेस ने : धर्मेंद्र

गोष्टि2

बस्ती, 18 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर सम्मान अभियान के तहत शुक्रवार को एक संगोष्ठी का आयोजन विवाह मंडप, हडिया चौराहा, मेहदावल रोड, बस्ती में किया गया। पहले सत्र के मुख्य अतिथि डॉ धर्मेन्द्र सिंह तथा दूसरे सत्र संतोष सिंह रहे। वक्ता के रूप में विधायक अजय सिंह, दयाराम चौधरी, रवि सोनकर, यशकांत सिंह, सुशील सिंह, पवन कसौधन, राजेन्द्र गौड़, राजेश पाल चौधरी एवं कामेंद्र चौहान ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने डॉ. अम्बेडकर के विचारों और उनके सामाजिक योगदान पर अपने विचार रखे।

प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि धर्मेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा (उत्तर प्रदेश) रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा डॉ. अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 1937 से 1954 तक कांग्रेस ने डॉ. अम्बेडकर को एक बार भी चुनाव लड़ने का अवसर नहीं दिया और उनके विरोध में प्रचार तक किया गया। यहां तक कि उनके अंतिम संस्कार के लिए भी कांग्रेस सरकार ने स्थान नहीं दिया।

द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि संतोष सिंह, विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा ने अम्बेडकरवाद की सामाजिक प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मोदी और योगी सरकारें डॉ. अम्बेडकर के सम्मान में कई योजनाएं चला रही हैं। 25 अप्रैल तक अनुसूचित समाज के घर-घर जाकर भाजपा कार्यकर्ता यह संदेश देंगे कि भाजपा सरकार ने बाबा साहेब के योगदान को किस प्रकार सम्मानित किया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर की विचारधारा आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी

   

सम्बंधित खबर