देहरादून, 04 सितम्बर (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन के पुनर्गठन की कवायद शुरू कर दी है। संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त पर्यवेक्षक कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही पार्टी के सभी जिला, ब्लाक व नगर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के लिए नियुक्त 28 पर्यवेक्षकों में से 27 पर्यवेक्षक अपने प्रभार वाले जनपदों में पहुंच चुके हैं और चमोली के लिए नियुक्त उत्तर प्रदेश की विधायक डॉ. अनुराधा मिश्रा मोना 14 सितम्बर के बाद पहुंचेगी।
सारस्वत ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देशन में हो रहे संगठन सृजन अभियान के उत्साहवर्द्धक परिणाम आएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बड़े उत्साह से संगठन सृजन अभियान में प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को पद व सम्मान मिलेगा जिससे आने वाले 2027 के चुनाव में पार्टी को पुनः सरकार बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर केन्द्रीय पर्यवेक्षकों के सम्मुख अपनी बात रखते हुए संगठन की सही स्थिति से अवगत कराएं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार



